दुर्ग। सावन माह के पवित्र अवसर पर भिलाई के सेक्टर-7 स्थित शिवधाम तालाब में सोमवार महारुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बतौर मुख्यअतिथि शामिल हुए। सीएम बघेल ने भगवान शिव की पूजा अर्चना कर अभिषेक किया और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। उन्होंने इस बढ़िया आयोजन के लिए आयोजकों की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विगत सात और आठ वर्षों से आयोजन किया जा रहा है, आज तालाब में बहुत परिवर्तन हो गया है। भोले नाथ हर जगह विराजे हैं, भगवान शिव ने ही विवाह नाम की संस्था को विकसित किया है। शिव सबको जोड़ने का नाम है। तंत्र के जनक शिव हैं। भगवान शिव सबकी मनोकामना पूरी करें। कार्यक्रम को विधायक देवेंद्र यादव और महापौर नीरज पाल ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर भव्य गंगा आरती का भी आयोजन हुआ। पूरे परिसर को दीपों से सजाया गया था। कार्यक्रम में भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव, दुर्ग शहर विधायक अरुण वोरा, महापौर भिलाई नीरज पाल, महापौर दुर्ग धीरज बाकलीवाल, भिलाई निगम के एमआईसी सदस्य व पार्षद लक्ष्मीपति राजू, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।
सेक्टर 7 शिवधाम में हुई भव्य गंगा आरती, महारुद्राभिषेक में शामिल हुए सीएम भूपेश बघेल
