– दुर्ग शहर विधायक अरुण वोरा का घेराव कर की नारेबाजी
– प्रदेश सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार और गरीबों का अधिकार छिनने का आरोप
-दुर्ग नगर निगम की कार्यशैली पर भी उठाए सवाल
![](https://hitvarta.com/wp-content/uploads/2023/02/15-2-23-3.jpg)
दुर्ग। प्रदेश की कांग्रेस सरकार और नगर निगम दुर्ग पर भ्रष्टाचार ओर गरीबों का अधिकार छिनने का आरोप लगाते हुए दुर्ग जिला भाजपा ने अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में विधायक निवास के सामने जमकर प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने दुर्ग शहर विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल के खिलाफ पूरे जोर शोर से नारेबाजी करते रहे, मटकी फोड़ी और विरोध स्वरुप सड़क पर बैठ गए। विरोध जताते हए भाजपा कार्यकर्ता इतने उग्र हो गए कि विधायक निवास में लगे भारत जोड़ो यात्रा का पोस्टर भी फाड़ दिया। कुछ ने विधायक निवास के गेट पर भाजपा का झंडा भी लगा दिया। महिला कार्यकर्ता विधायक को देने के लिए अपने साथ चुड़ियां भी ले कर आईं थीं। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से झूमा झटकी भी हुई। इस सबके बीच विधायक वोरा पहले से ही अपने निवास के बाहर खड़े होकर भाजपा नेताओं का इंतजार करते नजर आए। प्रदर्शन करने आए भाजपाईयों का विधायक वोरा अपनी तर्कों से मनाने का प्रयास करते रहे पर भाजपा नेता नहीं माने और अपनी मांगों पर अड़े रहे।
मोर आवास मोर अधिकार कार्यक्रम के आंदोलन प्रभारी नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा, सह प्रभारी एवं प्रवक्ता दिनेश देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वपूर्ण योजना में से एक प्रधानमंत्री आवास योजना से प्रदेश की कांग्रेस सरकार के द्वारा हितग्राहियों को वंचित रखा गया है। आज जग जाहिर है कि किसी का आशियाना टूटा हुआ है, किसी का मकान अधूरा है और कोई मकान के लिए राशि आबंटन की बाट जोह रहा है लेकिन प्रदेश सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार की प्रशासनिक अक्षमता, कुशासन, भ्रष्टाचार, स्वेच्छाचारिता से आम जनता बहुत परेशान है। भूपेश सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं के निराकरण में नाकाम साबित हुई है। खराब कानून व्यवस्था, चोरी-लूट-डकैती-हत्या-बलात्कार जैसी बढ़ती अपराधिक घटनाएं, सड़क दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इसी तरह पट्टा वितरण पर रोक, पेयजल समस्या, अवैध शराब बिक्री, नशा कारोबारियों को संरक्षण, ठप्प सफाई व्यवस्था जैसे अनेकों जनविरोधी कृत्यों के खिलाफ आज दुर्ग शहर विधायक अरुण वोरा के आवास का घेराव दुर्ग जिला भाजपा द्वारा किया गया। श्री वर्मा ने आगे कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने वार्ड से जनता को उनको केंद्र सरकार की हर योजनाओं का लाभ दिलाने एवं प्रदेश सरकार के वादाखिलाफी सरकार का विरोध करने दृढ़ संकल्पित है। जिलाध्यक्ष वर्मा ने कहा कि विधायक अरुण वोरा के फोटोबाजी रवैया के चलते आज शहर के विभिन्न वार्ड विकास के लिए तड़प रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान जिला महामंत्री सुरेंद्र कौशिक, ललित चंद्राकर, डॉक्टर देव नारायण तांडी, अलका बाघमार दिलीप साहू, आशीष निमजे, नीलेश अग्रवाल, मनोज सोनी, मदन वाडई, राजा महोबिया, राकेश दुग्गड, रजनीश श्रीवास्तव, चंद्रशेखर चंद्राकर, डॉक्टर सुनील साहू, दीपक चोपड़ा, सुनील अग्रवाल, संतोष कोसरे, विनायक ताम्रकार, विजय ताम्रकार, बंटी चौहान, राकेश यादव, नीरज पांडेय, जितेंद्र राजपूत, नरेंद्र बंजारे, गायत्री साहू, काशीराम कोसरे, ओम प्रकाश सेन, मनीष साहू, नरेश तेजवानी, लीना दिनेश देवांगन, चमेली साहू, पुष्पा गुलाब वर्मा, शशि द्वारका साहू, जगदीश शर्मा, हेमा शर्मा, अभिषेक टंडन, शुभम साहू, अनूप सोनी, गोपी पटेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
चुनाव करीब आने पर जनता की याद आ रही, अब तक कहां थे भाजपा नेता– वोरा
भाजपा के प्रदर्शन पर स्टेट वेयर हाऊसिंग कार्पोरेशन के चेयरमेन, कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने कहा कि पीएम आवास का फायदा हितग्राहियों को न मिलने के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है। भाजपा नेताओं को केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करना चाहिए। अगर उन्हें पीएम आवास योजना के हितग्राहियों की फिक्र है तो केंद्र सरकार से फंड लेकर आएं। पीएम आवास योजना का सच ये है कि केंद्र की भाजपा सरकार ने पीएम आवास योजना के लिए पैसा ही नहीं दिया, जिसके कारण योजना अधूरी रह गई और लोगों को आवास नहीं मिल पाया। वोरा ने सवाल किया कि चुनाव करीब आने पर ही भाजपा नेताओं को जनता की याद क्यों आने लगी। वोरा ने कहा कि 15 साल के भाजपा शासनकाल को आम जनता देख चुकी है और भाजपा की असलियत जान चुकी है। डेढ़ दशक तक राज करने के बावजूद न तो विकास कार्य कराए गए, न योजनाओं का लाभ प्रदेश की जनता को मिल पाया। लोगों के कल्याण के लिए कोई काम भी नहीं किया गया। वोरा ने कहा कि राज्य की भूपेश बघेल सरकार ने हर वर्ग के लोगों के लिए कल्याणकारी योजनाएं बनाई हैं और इनका क्रियान्वयन भी किया है।