सिल्वर मेडल जीत गृह नगर पहुंची आकर्षि, दुर्ग की जनता ने पलखों पे बिठाया

ak-9.jpg

– ग्रीन चौक से निकली विजय रैली, जगह-जगह हुए भव्य स्वागत

– कॉमनवेल्थ गेम्स में बैडमिंटन मिक्सड टीम इवेंट में भारत को मिला है सिल्वर

दुर्ग। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के मिक्सड टीम इवेंट में भारत के लिए सिल्वर मेडल जीतने वाली भारतीय बैडमिंटन टीम की खिलाड़ी आकर्षि कश्यप बुधवार को दुर्ग पहुंची। बर्मिघम में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल में अपने खेल प्रतिभा की बदौलत विश्व में भारत व छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली दुर्ग की बेटी को गृहनगर की जनता ने पलखों पे बिठाया और पूरे दिल से अभिनंदन किया। जगह जगह विभिन्न संगठनों , स्कूली बच्चों और आम जनता ने अपनी अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी का स्वागत किया। उनके स्वागत में आतिशबाजी भी की और मिठाई भी बांटे।

खेल भावना ने सभी को किया एक:

ग्रीन चौक में खिलाड़ियों के साथ विधायक अरुण वोरा और भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा

बर्मिघम से आकर्षि कश्यप अपने पिता डॉ संजीव कश्यप व मां अनिता कश्यप के साथ बुधवार की सुबह भारत लौटीं। रायपुर एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से सभी दोपहर 1.45 बजे ग्रीन चौक पहुंचे। वहां पर पहले से ही उनके इंतजार में खड़े जनप्रतिनिधियों और खेलप्रेमियों द्वारा आकर्षि का भव्य स्वागत किया गया। ग्रीन चौक में विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग उपाध्यक्ष आर.एन. वर्मा, निगम सभापति राजेश यादव, जिला भाजपाध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा के अलावा अन्य जनप्रतिनिधियों ने आकर्षि का स्वागत कर उन्हे ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी। यहां पर कांग्रेस-भाजपा दोनों ही दलों की नेता एक साथ आकर्षि का इंतजार करते नजर आए और सभी ने साथ में स्वागत भी किया।

तिरंगा ओढ़े आकर्षि को देख गूंजे जय हो के नारे:

शहर की जनता का अभिनंदन स्वीकार करतीं आकर्षि, हाथ में सिल्वर मेडल

विजय रैली गुरुद्वारा स्टेशन रोड, सिंधी धर्मशाला, सीए चौक, राजेन्द्र पार्क चौक पहुंची। मेनोनाईट चर्च के सामने छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कामर्स एण्ड इंडस्ट्रिज के दुर्ग जिला इकाई अध्यक्ष प्रहलाद रुंगटा के नेतृत्व में पदाधिकारियों द्वारा आकर्षि का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान चेम्बर के प्रदेश मंत्री अशोक राठी, चेयरमेन पवन बडज़ात्या, आशीष निमजे, रवि केवलतानी, कैट अध्यक्ष मो. अली हिरानी, संजय चौबे, अनिल बल्लेवार एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। विजयी रैली नया बस स्टैण्ड, जिला अस्पताल, गांधी प्रतिमा, हिंदी भवन, टेम्पो स्टैंड, उतई रोड, नगर निगम कार्यालय होते हुए सांई द्वार सिविल लाईन चौक पहुंची। यहां सांई मंदिर समिति कसारीडीह के पदाधिकारियों व सदस्यों ने आकर्षि कश्यप का आत्मीय स्वागत कर फूल-मालाओं से लाद दिया। इस दौरान मंदिर समिति अध्यक्ष श्रीकांत समर्थ, सचिव धनेन्द्र सिंह चंदेल, उपाध्यक्ष शिवाकांत तिवारी, कौशल किशोर सिंह, सुरेश साहू, नरेन्द्र राठी, अजय सुरपाम, जयंत खिरोडकर, शहर जिला मध्य ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अलताफ अहमद, दक्षिण ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय मिश्रा, राजू भाटिया के अलावा बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। तत्पश्चात विजयी रैली शीतला सतरुपा मंदिर, पद्मनाभपुर मिनी स्टेडियम, पंचशील स्कूल, कन्हैयापुरी चौक, आजाद चौक होते हुए कसारीडीह चौक स्थित आकर्षि कश्यप के निवास स्थान पहुंची। कसारीडीह चौक में केलाबाड़ी वार्ड के पार्षद हमीद खोखर के नेतृत्व व वार्डवासियों की मौजूदगी में आकर्षि का स्वागत कर जीत के लिए बधाई दी गई। विजयी रैली में शामिल लोगों में काफी उत्साह था। पूरे विजयी रैली के दौरान जय हो के नारे गूंजमान रहे। ।


scroll to top